Thursday, July 2, 2020

इरफ़ान और सुशांत को श्रध्दाजंलि

मृत्यु भद्दी नही होती, पत्ते सूख जाने के बाद निर्द्वन्द लहराते हुए गिरतें हैं. पेड़ अपनी उम्र पूरी करने के बाद धरती पर ऐसे उतरते है जैसे थक जाने के बाद मां की गोद में विश्राम करने जा रहे हों।
वह एक सुंदर क्षण होता है। एक लम्बी यात्रा के बाद विराम बिंदु पर पहुंचने की शांति होती है। एक ठहराव का सुख होता है।
उस गिरने में एक सौंदर्य है।
उसे 'गिरना' कहना ठीक भी नही।

भद्दा है हरे पत्ते का डाल से टूट जाना,
एक हरे उदात्त वृक्ष का धरती पर बिखर जाना.
ये भार असहनीय होती है, और अगर वृक्ष अद्वितीय हो तो धरती के कोर तक को बेध देती है।

🌼इरफ़ान और सुशांत को श्रद्धांजलि🌼



दादी अम्मा के बीड़ी पीने की कहानी।

मेरे पड़ोस में एक दादी अम्मा रहती थीं। पूरे जीवन उन्होंने कोई नशा नहीं किया। लेकिन जब 80 पार हुईं तो अचानक बीड़ी पीना शुरू कर दीं। महीने के हिसाब में उनके बीड़ी का ख़र्च शामिल हो चुका था।

उस बूढ़ी अम्मा की चार बेटियां थीं, सुमनी, सरितवा, अशवा और रंजुआ। सुमनी बड़ी थी और अपने मां के सबसे करीब। दादी अम्मा को कोई भी दुःख-कष्ट हो उनके पति-बेटों को बाद में पता चलता सुमनी को पहले। सुमनी अपनी अम्मा के लिए ससुराल और नईहर (मायके) एक कर के रखती थी।

सुमनी में बस एक ही ऐब थी और वो थी बीड़ी पीने की आदत। अब बाकी घरवाले तो इसे ऐब समझते थे लेकिन बकौल सुमनी बजरंग बली के बाद कोई अगर दुःख हरन है तो यही भोले बाबा का प्रसाद बीड़ी। निश्चित ही सुमनी के पास हुक्का और चिलम की भी व्यवस्था होगी।

तो एक बार सुमनी नईहर मां से मिलने आई थी। दिसंबर का महीना था, सर्दी अपने पूरे शबाब पर थी। दुआरे पर अलाव के सामने दोनों मां-बेटी साथ बैठे हुए थे। तभी सुमनी ने बीड़ी सुलगाई, अम्मा को चूंकि पता था कि सुमनी बीड़ी पीती है फिर भी कौतुक नज़र से देख रहीं थी और अनजान बनकर बोलीं तू कबसे बीड़ी पीने लगी। सुमनी बोली कब्बो कब्बो पियेनी रे अम्मा ( कभी कभी पीती हूं अम्मा )। दादी अम्मा को पता नहीं क्या सूझा जो उन्होंने सुमनी से बीड़ी मांगी, सुमनी ने हंसते हुए पूछा तें पियबे ? ( तुम पियोगी ) दादी अम्मा ने डांटते लहज़े में बोला लईबू की ना हेन्ने ( लाओगी की नहीं इधर )। सुमनी ने हिदायत देते हुए की पीना नहीं है जबकि उसको पता था कि अब बुढ़िया मानेगी नहीं बीड़ी अम्मा को पकड़ा दी। दादी बीड़ी हाथ में लेते ही एक ज़ोर का कश लिया और जिस तीव्रता से धुआं भीतर पहुंचा उसके चारगुनी तीव्रता से एक ज़ोरदार खासी के साथ सारा धुआं बाहर आ गया। दादी का चेहरा पूरा लाल हो चुका था। थोड़ा ठहर कर दादी ने दूसरा कश लिया।इस बार सब सहज था।

फिर क्या था यहीं से दादी का बीड़ी पीने का सिलसिला शुरू हो गया। दादी ने एक बार सिगरेट भी ट्राई किया लेकिन सिगरेट में उन्हें वो बात नहीं मिली जो पहलवान छाप बीड़ी में थी।

दादी का सुमनी के साथ लगाव-जुड़ाव और गहरा होता गया। दोनों जब साथ बैठते तो नज़ारा देखने लायक होता। बीड़ी के कश के साथ हंसी - ठिठोली का माहौल बना रहता।
अब दोनों मां-बेटी कम और सहेलियां ज्यादा लगती थीं।

दादी मां की तबीयत काफ़ी दिनों से खराब थी डॉक्टर ने बीड़ी पीने से मना कर दिया था सो कई दिन हो चुके थे दादी को बीड़ी हाथ लगाए। सभी बेटियां - दामाद, रिश्तेदार दादी मां को देखने आए हुए थे। सुमनी तो ख़राब तबीयत की ख़बर सुनते ही शाम को अपने छोटे बेटे को साथ बस पकड़ कर आ चुकी थी। पति पहुंचाएंगे या नईहर से कोई आएगा लिवाने किसी का राह नही देखी।

एक दिन शाम के समय दादी खाट पर लेटी थीं। अब उनकी सेहत में पहले की तुलना में नाम मात्र का सुधार था लेकिन चेहरे पर चमक थी और इतने दिनों बाद थोड़ी प्रफुल्लित भी थीं। पास में खड़े बड़े बेटे से दादी बोलीं की जरा सुमनी के भेज। बेटा गया और सुमनी को अम्मा के पास भेज दिया।

दोनों मां बेटी आपस में बातें करती रहीं कुछ देर बाद अम्मा बोलीं की तनी एगो सुलगइबे ई अंतिमे ह ( एक सुलगाओ तो जरा ये अन्तिम है ) सुमनी को पता था कि डॉक्टर ने मना किया है लेकिन फिर भी पता नही क्यों वो मना नहीं कर पाई और चुपके से बीड़ी सुलगा कर अम्मा को दे दी। अम्मा कश लगाती रहीं सुमनी पानी लेने के लिए बाहर गई और जब पानी लेकर लौटी तो क्या देखती है कि अम्मा के उंगलियों में बीड़ी का अंतिम हिस्सा (जो बीड़ी पीने के बाद बच जाता है) लटक रहा है और अम्मा की आत्मा विदा ले चुकी है।

दादी अम्मा के चेहरे पर एक सुकून और शांति का भाव था जैसे जीवन से कोई शिकायत नहीं हो। जीवन को हाथ से फिसलते हुए देखती रहीं हो और उसे रोकने का कोई प्रयास भी नहीं किया हो। बीड़ी के सुलगते छोटे टुकड़े से धुआं लहराते हुए आसमान की तरफ बढ़ रही थी। दादी अम्मा तब 96 की हो चुकीं थीं।

चित्र - Google